
टोक्यो। जापान में आई भीषण बाढ़ की वजह से प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अपनी विदेश यात्रा रद्द कर दी है। वे बुधवार से बेल्जियम, फ्रांस, सऊदी अरब और मिस्र की यात्रा करने वाले थे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार शिंजो आबे इस सप्ताह बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि जापान के कई इलाकों में पानी भर गया है और भूस्खलन से काफी तबाही हुई है।
बारिश से अब तक 122 लोगों की मौत
भारी बारिश और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 122 हो गई है। बताया जा रहा है कि कई लोग अभी भी बाढ़ में लापता हैं। बाढ़ में फंसे लोगों की सहायता के लिए 70 हजार से ज्यादा बचावकर्मियों को लगाया गया है। सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए 700 हेलिकॉप्टरों को लगाया गया है। बताया जा रहा है कि सोमवार को बारिश में आई कमी की वजह से लोगों को थोड़ी राहत मिली लेकिन खतरा अभी तक बरकरार है।