
नई दिल्ली: दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन भारत दौरे पर हैं। इसी कड़ी में आज राष्ट्रपति मून इन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मेट्रो में सफर किया। मून इन नोएडा में सैमसंग प्लांट का उद्घाटन करने के लिए दिल्ली मेट्रो से नोएडा पहुंचे । इस दौरान मेट्रो स्टेशन पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। लोगों के अभिवादन को मून इन और पीएम ने स्वीकार किया। गौरतलब है कि नोएडा के सेक्टर 81 में स्थित सैमसंग मोबाइल की फैक्ट्री 35 एकड़ में फैली है। इस फैक्ट्री में 70 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
राष्ट्रपति ने अक्षरधाम मंदिर का भी दर्शन किया
इससे पहले दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जे इन ने अक्षरधाम मंदिर का भी दर्शन किया। उनके साथ उनकी पत्नी किम जंग सूक भी थीं। मंदिर में उन्होंने कहा कि दोनों देश की संस्कृति भले ही अलग है, लेकिन दोनों देश शांति, सौहार्द और अनेकता में एकता के पक्षधर हैं। उन्होंने मंदिर के शानदार वास्तुशिल्प की सराहना की और इसके डिजाइन के पीछे की कहानियां भी सुनीं।