
नई दिल्ली। नेपाल की राजधानी स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (टीआईए) पर सोमवार को यूएस-बांग्ला एयरलाइंस का एक विमान लैंडिंग के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे इसमें सवार 49 लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। विमान में 71 लोग सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राहत एवं बचाव अभियान में शामिल टीआईए के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बिश्वो राज पोखारेल ने बताया कि घटना में 49 लोग मारे गए हैं। अभी हम बचाव अभियान में लगे हुए हैं। टीआईए के प्रवक्ता प्रेमनाथ ठाकुर ने कहा कि 78 सीटों वाला बम्बार्डियर डैश 8 विमान अपराह्न् 2: 20 मिनट पर लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके बाद इसमें आग लग गई। दुर्घटनास्थल पर विमान से निकलने वाला काला धुआं छा गया। प्रशासन ने हवाईअड्डे को तुरंत बंद करने का आदेश दिया। हवाईअड्डे को बाद में खोला गया। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक संजीव गौतम ने कहा कि रनवे पर उतरने के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया।