
श्रावस्ती. जिले में भी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। मुख्यालय भिनगा पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डीएम और एसपी सहित सैकड़ों पुलिस के जवानों ने दौड़ में हिस्सा लिया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों ने भी दौड़ में हिस्सा लिया। जिसके बाद सांसद दद्दन मिश्रा ने विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अस्पताल में जाकर मरीजों को फल वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यालय भिनगा पर सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा भी स्थापित की गई, जिसका अनावरण सांसद दद्दन मिश्रा व भिनगा नगर पालिका अध्यक्ष अजय आर्य ने किया।
सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की 144वीं जयंती पर जिला मुख्यालय भिनगा में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई जिसका अनावरण सांसद दद्दन मिश्रा व भिनगा नगर पालिका अध्यक्ष अजय आर्य ने किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि हमारे देश के गौरव सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती पर आज उनकी प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जहां गुजरात में हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया है। ये हम भारतीयों के लिए गर्व की बात है।
सांसद ने कहा कि हमारे देश के तमाम किसानों मजदूरों ने अपने जो कृषि यंत्रों के निष्प्रयोज्य लोहे थे, उसको दान में दे करके इस भव्य प्रतिमा के निर्माण का मार्ग प्रसस्त किया था। आज उन्हीं के सहयोग से दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनकर तैयार हुई है।