
तलवाड़ा/बांसवाड़ा. कस्बे में शुक्रवार को एक वाटिका में निर्माण कार्य के दौरान खुदाई भगवान की प्रतिमा निकलने पर जैन समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार कस्बे के अनिल कांतिलाल जैन की निजी वाटिका की जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार सुबह यहां जमीन पर नींव की खुदाई के दौरान जैनधर्म की अतिप्राचीन प्रतिमा देखी गई। जमीन से भगवान की प्रतिमा निकलने की सूचना फैलते ही कस्बे के दशा हुमड़ जैन समाज के लोगों का मौके पर तांता लग गया। भैया आराध्य ने जैन समाजननों सहित प्रतिमा को जैन वैदिक मंत्रों से शुद्ध जल में समाहित कर स्नान कराया।
सेठ विजय कुमार खोड़निया और अनिल दोसी ने बताया कि जमीन की खुदाई में भगवान के प्रकट होने से सभी जैन समाजजनों में खुशी का माहौल है। शनिवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा को जैन मंदिर ले जाया जाएगा। लोगों का कहना है कि तलवाड़ा में जैन प्रतिमा का मिलना सौभाग्य की बात है। इधर, प्रतिमा मिलने की सूचना पर बांसवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से जैन समाज के लोग दर्शनों के लिए तलवाड़ा पहुंचना शुरू हो गए।