
बांसवाड़ा. प्रदेश के दक्षिणांचल स्थित वागड़ में मेघ प्री मानसून में ही मेहरबान हो गए हैं। मंगलवार मध्य रात्रि से बुधवार अलसुबह पांच बजे तक जोरदार बारिश हुई। सारी रात बादलों की गडगड़़ाहट और बिजली चमकती रही। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बुधवार सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटे में जिले में सर्वाधिक बारिश जगपुरा में छह और लोहारिया में पांच इंच दर्ज की गई।
कलक्ट्री नियंत्रण कक्ष के अनुसार जगपुरा में 148 मिलीमीटर, लोहारिया में 128, गढ़ी में 75, भूंगड़ा में 72, घाटोल में 70, अरथूना में 63, बांसवाड़ा में 39, बागीदौरा व शेरगढ़ में 35-35, दानपुर में 25, सज्जनगढ़ में 19, सल्लोपाट में 17, कुशलगढ़ में 7 तथा केसरपुरा में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। दिन चढऩे के बाद धूप भी खिली। हालांकि दिन में सूरज व बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। कभी कभार बूंदाबांदी भी हुई।