
बाराबंकी. प्रदेश सरकार ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब लोगों के बीच जाकर केंद्र सरकार की संचालित योजनाओं का बखान कर रही है। जन-जन तक केंद्र की योजनाओं को पुंचाने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री जुटे हैं। इसी के तहत जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी बाराबंकी में रात्रि चौपाल लगाई। इस अभियान के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। इस मौके पर मंत्री दारा सिंह चौहान ने लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों से उन समस्याओं का समाधान भी करवाया।
लोगों की सुनीं समस्याएं
ग्राम स्वराज अभियान कार्यक्रम की कड़ी में बाराबंकी के हरख विकासखंड स्थित बादीपुर गांव में जिले के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिले के DM-SP सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ रात्रि चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं को जाना और साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्या का तत्काल समाधान करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण महिलाओं को रसोई गैस के चूल्हे और सिलेंडर भी दिए। उसके बाद मंत्री जी ने सभी अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान के साथ जैदपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक उपेंद्र सिंह रावत समेत जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।