बरेली। इज्जतनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 50 हजार रुपये और चार तमंचा और कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों का एक साथी जो कि इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है फरार हो गया। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुट गई है। पुलिस की गिरफ्त में आए इन बदमाशों ने कोरियर कम्पनी के कार्यालय में लूट की घटना को अंजाम दिया था।
सरगना हुआ फरार
31 जुलाई को इज्जतनगर इलाके के कर्मचारी नगर में कुरियर कम्पनी में हुई लूट का खुलासा करते हुए शनिवार को एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि हथियार बन्द बदमाशों ने तीन लाख पच्चीस हजार की लूट की वारदात को अंजाम दिया था । लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी जिसको लेकर पुलिस ने अपने मुखबिरों को अलर्ट कर दिया। मुखबिर के जरिए शनिवार को पुलिस को कुछ बदमाशों की सूचना मिली जिसके बाद इज्जतनगर थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की घेराबंदी की । पुलिस को देखते ही बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्यवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और मौके से पुलिस ने पांच बदमाशों योगेश, राजेंद्र, अरुण, सौरभ और जीतू को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान इस गैंग का सरगना चंद्रपाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस गिरोह के सरगना चंद्र पाल की तलाश कर रही है । पुलिस ने लुटेरों के पास से तमंचा कारतूस और लूटे हुए पचास हजार रुपये बरामद किए है। यहां आपको बता दे कि लूट की इस घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी महेश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।