
बस्ती. भारतीय स्टेट बैंक पाकर डाड़ शाखा से सम्बद्ध लालगंज ग्राहक सेवा केंद्र के खाताधारकों का पैसा संचालक द्वारा निकाले जाने के मामले में पाकर डाड़ शाखा के प्रबंधक प्रेम प्रकाश गिरि ने लाचारगी जताई। उन्होंने कहा कि जीरो मास कंपनी द्वारा उसे केन्द्र खोलने की अनुमति दी गई थी। ममला संज्ञान में आते ही उसकी आईडी बंद कर दी गई। शाखा प्रबंधक ने कहा कि अधिकांश खाते उसने अपना फिंगर लगाकर खोला था, इसी कारण वह बैंक द्वारा आईडी बंद कर दिए जाने के बाद भी खाताधारकों का पैसा निकालने में सफल हो जा रहा है। शाखा प्रबंधक ने कहा कि खाते से रुपये गायब होने से बचने का एक ही विकल्प है। उपभोक्ता अपना वह खाता बंद कर दूसरा खाता खोल लें। कार्रवाई की बाबत पूछे जाने पर लाचारगी व्यक्त करते हुए शाखा प्रबंधक ने कहा कि शिकायतों को कार्रवाई के लिए उच्च पदस्थ अधिकारियों को भेजा जा चुका है।
जालसाज को खाता धारकों ने पकड़ा था, पुलिस ने छोड़ा
जालसाजी के शिकार हुए खाता धारकों ने बताया कि केंद्र संचालक सदानंद को एक दफे पकड़कर पुलिस को सौंपा गया था। लालगंज पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। पीड़ितों ने गरीब किसान मजदूरों के पसीने की कमाई एवं सरकारी योजनाओं के तहत मिल रही सहायता राशि हड़प रहे जालसाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।
By: Satish Srivastava