
बस्ती. बीजेपी यूपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि जब जब भाजपा सत्ता में आई है तब तब अयोध्या में काम हुआ है और पर्यटकों की सुविधाओं को देखते हुए कई और कार्य होने हैं। वहीं राम मंदिर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस मामले में कोर्ट के आदेश का पालन होगा। महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि यूपी में होने वाला निकाय चुनाव भाजपा की परीक्षा नहीं है, अभी हमारे कार्यकाल के छह महीने हुए हैं और बीजेपी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में उतरेंगे।
वहीं इससे पहले महेंद्र नाथ पांडेय का जिले में जगह जगह स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के दौरान उन्हें 51 किलो का माला पहनाया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के सांसद और विधायक सहित काफी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद थे।