
बेमेतरा. नेशनल हाइवे 12, ए में गुरूवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बेमेतरा जिला मुख्यालय से महज ३ किमी. दूर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दिया। जिससे बाइक में सवार तीन में से एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दो युवकों की हालत बेहद नाजुक बने हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय से रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस लाइन के सामने हुई घटना, ट्रक चालक फरार
नेशनल हाइवे में बने पुलिस लाइन के सामने तड़के सुबह यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्राम बैजी के पास ट्रक चालक बाइक सवारों को ठोकर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मोहभट्ठा वार्ड, बेमेतरा निवासी रोहित यादव के रूप में की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि घायल जय साहू, गुलाब वर्मा और मृतक तीनों एक बाइक में सवार होकर थानखम्हरिया से बेमेतरा लौट रहे थे। घटना तड़के सुबह लगभग ४ बजे के आस-पास की है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दिया है।