
राजनांदगांव. राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव के युवाओं ने मुख्यमंत्री से रोजगार मांगा है। युवाओं ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया है कि उन्होंने राजनांदगांव से चुनाव लडऩे के पूर्व वादा किया था कि यहां भिलाई से बड़ा स्टील प्लांट लगेगा, लेकिन उनका ये वादा अब तक अधूरा है। ऐसा हो जाने से रोजगार की दिक्कत दूर हो जाएगी। युवाओं ने कहा कि सरकार मुफ्त की चीजें बांटने के बजाए युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा दें, युवा अपने परिश्रम से ये सारी चीजें हासिल कर लेंगे।
‘जन एजेंडा 2018-23’
राज्य में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट हो गई है। आने वाले समय में चुनाव मैदान में उतरने वाले सभी राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र के साथ सामने आएंगे। ऐेसे में विधानसभा क्षेत्र की प्राथमिकताओं की पड़ताल करने पत्रिका समूह ने ‘जन एजेंडा 2018-23’ के तहत मुहिम शुरू की है। राजनांदगांव में इसे लेकर बैठक का आयोजन किया गया। युवाओं ने इस बैठक में अपनी प्राथमिकताएं खुलकर रखीं। बैठक में राज्य की खुशहाली और अपने विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और जरूरतों पर चर्चा की गई।