
– नौ दिनों तक डांडिया व गरबों की रहेगी धूम
बूंदी. जिलेभर में शारदीय नवरात्रा के पहले दिन बुधवार को मंदिरों में घट स्थापना हुई।शुभ मुहूर्त के साथ भक्तों ने देवी मां की अराधना शुरू की। इसी के साथ मंदिरों में अखंड रामायण पाठ शुरू हो गए।
बूंदी शहर में सुबह से ही माता के मंदिरों पर भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। घट स्थापना के साथ आगामी नौ दिनों तक विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से गली-मोहल्लों में डांडिया व गराबे की धूम भी शुरू हो गई है। इस मौके पर कई जगहों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना की गई। सुबह ही मंदिरों में खासी चहल-पहल रही। शहर के हंसा देवी माता मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, संतोषी मााता मंदिर, रक्तदंतिका, चौथमाता, बीजासन, दधीमति माता मंदिर, चामुंडा माता मंदिर, मालनमासी बालाजी मंदिर आदि कई स्थानों पर भी अखंड पाठ शुरू हुए।
इधर, अहिंसा सर्किल स्थित घोड़े वाले हनुमान मंदिर पर घट स्थापना के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल पारीक ने बताया कि घट स्थापना के साथ नौ दिनों तक रामायण पाठ होगा।
मानधाता की तलहटी में शुरू हुई रामायण
हिंदू महासभा की ओर से नवरात्रा के अवसर पर मानधाता की तलहटी में कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। इसी के साथ नौ दिवसीय रामायण पाठ का वाचन शुरू किया। आयोजन से जुड़े सुनील हाड़ौती ने बताया कि यहां नौ दिन विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। इधर, भूत्याखाल की गली स्थित सिद्धपीठ बीजासन माताजी के मंदिर में घट स्थापना की गई।
अंखड ज्योत जलाकर की स्थापना
शहर के नैनवां रोड गेट ५ व ६ के बीच इंद्रा कॉलोनी तेजाजी महाराज मंदिर परिसर के सामने युवा संगठन इंद्रा कॉलोनी की ओर से दुर्गा मां की नौ दिवसीय अखंड ज्योति जलाकर प्रतिमा की स्थापना की गई। जय हनुमान विकास मंडल संजय कॉलोनी के हनुमान मंदिर में नवरात्रा का दीप जलाकर संरक्षक हजारी लाल बैरवा ने शुरुआत की।
—