
चंदौली: मकर संक्रान्ति के त्यौहार पर पतंगबाजी को उत्साह जमकर नजर आया, विशेषकर युवाओं में। रंग-बिरंगी पतंगें आसमान की ऊंचाईयों को छू रही थीं, तो नीले आकाश की छटा भी सतरंगी हो गई। देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह के गृह जनपद चंदौली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाली पतंग की बाजार में धूम रही। भारतीय राजनीति के फलक के दोनों दैदीप्यमान सितारे मंझे की डोर के सहारे भी आसमान की ऊंचाइयों को चूमते रहे। वर्तमान राजनीति को अपने इर्द-गिर्द घूमानेवाली दोनों हस्तियां युवाओं के इशारे पर आसमान में घूमते नजर आए।
बुजुर्गों पर भी छाई खुमारी
भगवान भाष्कर के मकर राशि में प्रवेश करने के अवसर पर मनाए जानेवाले मकर संक्रान्ति के त्यौहार पर क्या जवान और क्या बुजूर्ग, पतंगबाजी का खुमार सभी के सिर चढ़कर बोला। योगी और मोदी की तस्वीरों वाली पतंगों के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों ने भी खूब आसमान चूमा। सबका साथ सबका विकास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और स्वस्छ भारत के स्लोगन लिखी पतंगें भी खूब बिकीं। पतंग विक्रेताओं की मानें तो यह पतंगे लोगो को खूब पसंद आईं। फ़िल्मी सितारों और कार्टून वाली पतंगों की मांग प्रभावित हुई है। फिल्मी सितारों पर योगी-मोदी की जोड़ी भारी पड़ी।
इनपुट : संतोष कुमार