
देवरिया. उत्तर प्रदेश में इन दिनों सब ठीक नहीं चलता दिख रहा है । एक के बाद एक घटित होती घटनाओं के बीच विपक्ष का प्रहार तो जारी ही है उसी बीच सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों का अंतर्कलह सामने आने से सरकार के ऊपर संकट और गहराता जा रहा है। जिले के बरहज क्षेत्र से भाजपा विधायक ने सरकार की व्यवस्था पर सीधा प्रहार करते हुए जिले से जुड़े एक राज्य मंत्री पर सीधा हमला बोलकर सरकार की परेशानी और बढ़ा दी है ।
देवरिया जिले के बरहज विधान सभा से निर्वाचित भाजपा विधायक सुरेश तिवारी पहले बसपा से विधायक रह चुके हैं । इस बार अपनी गणित भाजपा में बैठाकर तमाम विरोधों को दरकिनार करते हुए उन्होंने भाजपा का टिकट तो हथियाया ही साथ ही मोदी लहर के प्रभाव में अप्रत्याशित जीत भी दर्ज की । आज अपने क्षेत्र में प्रायोजित तरीके से विधायक ने अपने ही दल की सरकार के व्यवस्था के विरुद्ध आवाज मुखर किया । उन्होंने अपना दर्द कैमरे के सामने रखते हुए कहा कि मै कोई भी समस्या पर पत्र किसी भी विभाग को देता हूं तो उसका कही से भी उसका जवाब कहीं से मुझे नहीं भेजा जाता है ।कैमरे पर बेबाक बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिले में हाल ही में 52 लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी गई । मैंने जाकर एसपी से मुलाकात करके प्रभावी कार्यवाही करने की बात कही तो एसपी ने खुलासा करने वाले इन्स्पेक्टर को पद से ही हटा दिया । अपनी पीड़ा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि डीएम सुनता नहीं , एसपी सुनता नहीं । तीन दिन पहले मैंने जिलाधिकारी को छः बार फोन किया लेकिन वह फोन नहीं उठाया और काल बैक भी नहीं किया । वही पत्रकारों के द्वारा पूछे गए एक प्रश्न पर तो उन्होंने जिले के रुद्रपुर सीट से जीते और प्रदेश सरकार के मत्स्य राज्य मंत्री पर ही सारा ठीकरा फोड़ दिया । उन्होंने कहा कि वही जो रुद्रपुर के मंत्री है उनके संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है । कोई नहीं सुनता विधायक की बात, यह बात मैंने मुख्यमंत्री जी को लिखकर दिया भी है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई ।
By- Surya Prakash Rai