
एटा। नगर निकाय चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के दौरान अलीगंज सरकारी कॉपरेटिव पोलिंग पूथ पर फायरिंग और पथराव हो गया। इस दौरान एक गोली वसीम पुत्र राजा को लगी। गोली वसीम के पैरों में लगी, इसलिए उसकी जान बच गई। फायरिंग करने का आरोप भारतीय जनता पार्टी के विधायक सत्यपाल राठौर के दोनों बेटों पर है।
भाजपा विधायक के पुत्र पर फायरिंग का आरोप
बताया जा रहा है कि वसीम अपने परिवार वालों के साथ अपने घर के पास बने पोलिंग बूथ पर मताधिकार का प्रयोग करलौट ही रहा था। इसी दौरान वहां फायरिंग होने लगी। एक गोली वसीम के पैरों में आकर लगी। वसीम ने गोली मारने का आरोप एटा के अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के दोनों बेटे सूरजपाल राठौर और सोनू राठौर पर लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वोटरों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अवैध तमंचों से फायरिंग की गई। गोली चलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने साधी चुप्पी
वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। फिलहाल तनाव को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स तैनत कर दिया गया है।