
एटा। देहात कोतवाली के कासगंज रोड स्थित पीएसी बटालियन के समीप आज सुबह तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़न्त में शिक्षक और छात्र की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक महिला शिक्षक समेत दो अन्य छात्र गंभीर रुप से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया जहां शिक्षिका और दो छात्रों की हालत काफी नाजुक होने के चलते उन्हें आगरा के लिए रेफर कर दिया गया है।
परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक टकराई
बताया जा रहा है कि चल रही यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए शिक्षक सुनील कुमार अपनी बाइक पर अपनी साथी महिला शिक्षक को लेकर शिकोहाबाद रोड स्थित भामरपुर इंटर कॉलेज जा रहे थे, तभी कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन के समीप हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार तीन छात्रों की शिक्षक की बाइक से आमने सामने भिड़न्त हो गई। इस हादसे में जिसमें शिक्षक सुनील कुमार और हाईस्कूल के छात्र शिवराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हादसे में महिला शिक्षिका समेत दो अन्य छात्र गंभीर रुप से घायल हो गये।
हालत नाजुक, आगरा रेफर
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत बेहद नाजुक होने के चलते आगरा के लिए रेफर कर दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।