इटावा. भरथना कस्बे के यादव नगर से पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ा है, जिसके पास से करीब सवा करोड़ की कीमत का सोना बरामद हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक विकास जायसवाल ने बताया कि पकड़े गये युवक के पास से सोने के बिस्किट और कुछ नगद रुपये बरामद हुये हैं, बाजार में जिनकी कीमत लगभग सवा करोड़ के आसपास है। एक बिस्किट का वजन 166 ग्राम और कुल बिस्किटों का वजन 3960 ग्राम है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पकड़े गये व्यक्ति का नाम इदरीश अली पुत्र आयाज अली है। वह मणिपुर राज्य के अंकनकाई रोड पोस्टा लिकोल, खेरोरबार का निवासी है।
पकड़े युवक ने पुलिस को बताया कि सोने के बिस्किट म्यांमार (बर्मा) स्थित एक व्यक्ति ने उसे दिये थे, जिसे लेकर वह गुवाहटी आया। यहां से उसने दिल्ली जाने के लिए महानंदा एक्सप्रेस को पकड़ा। यह सोना उसे दिल्ली स्थित फोन करने वाले व्यक्ति को देना था, लेकिन ट्रेन में कुछ संदिग्ध लोग उसके पीछे पड़ गये। डर से वह भरथना रेलवे स्टेशन पर उतर गया और पास में स्थित यादव नगर मोहल्ले में चला गया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध दिख रहे युवक से पूछताछ की तो वह सकपका गया। तलाशी में उसके पास बड़ी मात्रा में सोने के बिस्किट मिले तो स्थानीय पुलिस ने बड़े अफसरों को सूचना दी, जिसके बाद कस्टम और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सूचना दी गई।
लम्बे समय से सोने की तस्करी करता है इदरीश
विकास जायसवाल ने बताया कि इदरीश अली कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका है, लेकिन जिस ढंग से सोने के बिस्किटों को तैयार किया गया है, उससे एक बात स्पष्ट है कि इदरीश अली सोने की तस्करी लम्बे समय से करता रहा है।