
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
फर्रुखाबाद. जनपद में आयोजित कांग्रेस की किसान महापंचायत में पहुंचे पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने सीएए, चीन विवाद सहित कई मुद्दों पर बिना नाम लिये बीजेपी को घेरा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से किसान आन्दोलन के साथ है लेकिन तमाशे के साथ नहीं। आंदोलन आंदोलन होता है और तमाशा तमाशा होता है। लाल किले का एक विशेष सम्मान है। वह राष्ट्र प्रतिभा से जुड़ा है। उस प्रतिभा पर कोई प्रश्न चिन्ह लगाये उसे माफ नहीं किया किया जा सकता। सलमान खुर्शीद ने कहा कि पुलिस के रहते उपद्रव किया गया। लाल किले पर झंडा लगाने का समर्थन किसने किया। उन पर सख्त से सख्त कार्यवाही कब होगी? हम इसकी मांग करते हैं।
सलमान खुर्शीद ने कहा कि इस वर्ष 26 जनवरी की परेड में कोई मेहमान नहीं आया, जो आ रहा था वह आ नहीं सका। अब अंतिम समय में किसी से कहेंगे तो कौन आयेगा। विदेशी नेताओं से बड़ी दोस्ती की गयी। जिसमें सबसे जादा दोस्ती डोनाल्ड ट्रंप से की गयी थी। उन्हें दोस्ती महंगी पड़ी और उनकी कुर्सी भी चली गयी।
बजट में निजीकरण पर गम्भीर चर्चा की जरूरत
पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि निजीकरण पर गम्भीर चर्चा की जरूरत है। हमने भी निजीकरण किया था, लेकिन निजीकरण अंधाधुंध नहीं किये। जिस क्षेत्र में सरकारी तन्त्र के माध्यम से कार्य करना आसान नहीं था, वहां निजीकरण की बात की। सफल ईकाइयों का निजीकरण नहीं होना चाहिए।