
फर्रुखाबाद. सेना की कैंटीन में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जल कर राख हो गया। कई घंटे चले सेना के बचाव कार्य के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर सैकड़ों सेना के जवान बचाव में जुटे रहे।
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंट की कैंटीन में शुक्रवार सुबह कर्मचारी व पीटी स्टाफ सफाई करने के लिए गए। उसी दौरान अचानक शार्ट सर्किट से कैंटीन के भीतर आग लग गई। आग देखकर भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने सूचना आलाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर सेंटर कमान्डेंट ब्रिगेडियर एसके सेंगर, कमांडेंट ब्रिगेडियर टीसी मल्होत्रा, डिप्टी कमांडेट रवीन्द्र सिंह, कर्नल नवींन कुमार तत्काल मौके पहुंचे।
उन्होंने तत्काल सेना के जवानों को बचाव कार्य में लगाया। वहीं सेना व पुलिस लाइन से दमकल को आग पर काबू पाने के लिये लगाया गया। कन्नौज से भी दमकल को बुला लिया गया, जवानों ने कड़ी मसक्कत के बाद टिन सेट तोड़ कैंटीन की दीवार तोड़ दी। कैटीन से सामान को निकाल कर बहार मैदान में रख दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तकरीबन चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका।