
गोरखपुर। राजनीति के भी तमाम रंग देखने को मिलते हैं। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण निषाद गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर सबको चैका दिया। सपा जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव और दर्जनों नेताओं के संग गोरखनाथ मंदिर पहुंचे सपा प्रत्याशी ने बाबा मस्त्येंद्रनाथ और बाबा गोरखनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, प्रसाद चढ़ाया।
मंदिर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने कहा कि बाबा मस्त्येंद्रनाथ व बाबा गोरखनाथ हिंदू धर्म के पूज्य हैं। यहां राजनीति की वजह से नहीं बल्कि आस्था की वजह से आया हूं। उन्होंने कहा कि बाबा मस्त्येंद्रनाथ व बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद जिसे प्राप्त हुआ है उसे विजयश्री मिली है। वह सफलता के चरम पर पहुंचा है। मैं भी बाबा का आशीर्वाद लेने आया था।
उधर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर वे लोग यहां आकर प्रसाद चढ़ाए हैं। वे चाहते थे कि बाबा के दरबार में प्रसाद चढ़े और वह जनसभा के पहले इस प्रसाद को ग्रहण करें।