
जयपुर. राजस्थान यूनिवर्सिटी में स्कूबा डाइविंग कैम्प और अंडर वॉटर पेंटिंग एग्जीबिशन शुरू हुई। एग्जीबिशन में जयपुराइट्स न सिर्फ स्कूबा डाइविंग का आनन्द लेते नजर आए, बल्कि पानी के अंदर डिस्प्ले की गई पेंटिंग्स का भी अवलोकन किया। नाम क्रिएशन और डाइव इंडिया की ओर से लगाई गई इस एग्जीबिशन में देशभर के आर्टिस्ट की 40 से ज्यादा पेंटिंग्स डिस्पले की गई। इनमें 25 से ज्यादा पेंटिंग्स स्वीमिंग पूल के बाहर लगाई गई, वहीं करीब 16 पेंटिंग्स को पानी के अंदर लगाया गया। इस बीच जयपुराइट्स ने स्कूबा डाइविंग का आनन्द लेते हुए पेंटिंग्स को निहारा। पेंटिंग्स में जहां एक ओर प्रकृति की खूबसूरती को सहेजा गया, वहीं दूसरी ओर नारी के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया। आयोजक भुवना ने बताया कि एक इवेंट महिलाओं को समर्पित हैं, जहां महिलाओं को स्कूबा डाइविंग की टे्रनिंग दी जा रही हैं।
दिखा रहे हैं उत्साह
इवेंट के प्रति जयपुराइट्स का शानदार उत्साह देखा जा सकता है। सेफ्टी को देखते हुए अंडमान और निकोबार से स्कूबा डाइविंग ट्रेनर बुलाए गए हैं। डाइविंग को एंजॉय करते हुए भावना गोयल ने बताया कि मुझे तैरना नहीं आता था, ऐसे में पानी को देखते ही डर लगता था, लेकिन स्कूबा डाइविंग बहुत अच्छा एक्पीरियंस रहा। 10 साल के सुहान ने भी अंडरवाटर पेंटिंग एग्जीबिशन को जमकर एंजॉय किया।
उठे सवाल
कैम्प एंड एग्जीबिशन के उद्घाटन के बाद स्वीमिंग पूल में परमिशन को लेकर सवाल उठे। हालांकि बाद में आयोजकों और प्रशासन के बीच में सहमति हुई और एग्जीबिशन को जारी रखा गया। एग्जीबिशन सोमवार तक जारी रहेगी।