
जैसलमेर/रामदेवरा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रामदेवरा पहुंचकर लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर मेला व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार साल के कार्यकाल में जनता के लिए कुछ भी नहीं किया अब जनता का समय आ गया है इस सरकार की विदाई तय है। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जनता ने जिस भावना से सरकार को जनादेश दिया था सरकार ने इस जनादेश की भावना का आदर नहीं किया। अब चुनाव का समय नजदीक है ऐसे में सरकार जनता को भ्रमित करने के लिए गौरव यात्रा का आयोजन कर रही है, लेकिन जनता अब खुद समझदार है किसी के झांसे में आने वाली नहीं है। एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री का जगह-जगह विरोध हो रहा है। जनता उन्हें काले झंडे दिखा रही है। इससे उनको समझ लेना चाहिए कि जनता में उनके प्रति कितना आक्रोश देखने को मिल रहा है।
गहलोत ने कहा कि जो यह लोग कर रहे हैं वह कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं हैं जबकि उन्हीं के कार्यकर्तों लोगों द्वारा यह आक्रोश व्यक्त किया गया। जो अपेक्ष उन लोगो ने लगा रखी थी वो पूरी नही हो पाई है। इस बार भी पश्चिमी राजस्थान में अकाल की स्थिति बनी हुई है, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से इस जिले में घूम रहे हैं, लेकिन कहीं भी अकाल से निपटने के लिए सरकार की तरफ से कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं। लेकिन लाखों करोड़ों रुपए गौरव यात्र पर फिजूल खर्च किए जा रहे हैं ।
गहलोत ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करेगी कांग्रेस की सरकार बनेगी प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए जो भी संभव होगा वो करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हैं इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी के हाईकमान ही इसके बारे में बता सकता है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इससे पूर्व रामदेवरा में युवाओं का पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति काफी जोश व उत्साह देखने को मिला लोगों ने जमकर फोटो खिंचवाए व सेल्फी ली।