
जौनपुर. यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन नकल रोकने खुद डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा जौनपुर पहुंच गए। पूरे लाव लश्कर के साथ दर्जनों विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। हालांकि इस दौरान उन्हें कुछ नहीं मिला। चार दिन पूर्व ही जिले में यूपी बोर्ड की फर्जी कॉपियां मिली थीं। इस मामले में 1000 कॉपियों के साथ 7 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
सोमवार सुबह ही डॉ दिनेश शर्मा का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन के ग्राउंड में उतरा। यहां से उनका काफिला सिकरारा ब्लॉक अंतर्गत पड़ने वाले परीक्षा केंद्रों की तरफ निकला। सिकरारा 8.40 पर डॉ भीम राव इंटर कॉलेज यादव गंज खाना पट्टी बर गुदर, 8.50 पर मां शारदा इण्टर मीडिएट बालिका विद्यालय खाना पट्टी, 9.00 पर किसान आदर्श इण्टर कॉलेज प्रतापगंज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
इसके बाद उनका काफिला मडियाहूं तहसील की तरफ निकल गया। वहां भी ताबड़तोड़ कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि, नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए सरकार कृत संकल्प है। नकल माफियोओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरे की निगरानी से परीक्षा ही रही है। किसी भी केंद्र पर शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। फर्जी कॉपी छापने वालों को गिरफ्तार किया गया है।
input- जावेद अहमद