2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झालावाड़

सिपाही का प्रशिक्षण ले रहे युवक ने बैरक में आत्महत्या की

झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल का मामला, प्रशिक्षण पूरा होने में 35 दिन ही बाकी थे

Google source verification

झालरापाटन। यहां झालावाड़ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में कांस्टेबल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राजसमंद के युवक ने मंगलवार दोपहर बैरक में आत्महत्या कर ली। उसकी ट्रेनिंग पूरी होने में 35 दिन ही बाकी थे। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला, लेकिन बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। वह शादीशुदा है।
थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि राजसमंद के कोठारिया गांव निवासी रवि कुमार खटीक [28] यहां पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में जुलाई 2022 से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। वह मंगलवार सुबह 11.40 बजे से दोपहर 2.40 बजे तक होने वाली इनडोर क्लास में नहीं आया। दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर ब्रेक के दौरान उसके साथी बैरक में पहुंचे तो वहां रवि पंखे पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंचे अधिकारी और साथी उसे तत्काल झालावाड़ अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा कर परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
अधिकारियों के अनुसार रवि कुमार की ट्रेनिंग पूरी होने में 35 दिन का समय ही शेष बचा था। मृतक के बुआ का लड़का ललित पहाडिय़ा भी उसके साथ यहां पर ट्रेनिंग कर रहा है। उसने बताया कि रवि पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था।