अकलेरा. कृषि उपज मंडी के सामने ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार तीन जनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बस को ओवरटेक करने के चलते होना बताया जा रहा है। मृतकों में दो सगे भाई व एक रिश्तेदारी में भाई बताया है। तीनों गांव से बाइक से झालावाड़ जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घायलों को 108 की मदद से एक घायल को अकलेरा व 2 अन्य घायलों को झालावाड़ रैफर किया। बाद तीनों घायलो की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक मनोहरथाना क्षेत्र के गांव टोडरा निवासी अमरलाल (60) पुत्र किशनलाल बैरवा , श्रीलाल (65) पुत्र किशनलाल दोनो सगे भाई व एक फूलचंद (60) पुत्र गंगाराम बैरवा बताया है। पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि तीनों जने मंगलवार सुबह 7 बजे गांव टोडरा से कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध होने वाले कृषि पाइप के फार्म ऑन लाइन जमा कराने के लिए झालावाड़ जा रहे थे। इस बीच कृषि मंडी के सामने झालावाड़ से अकलेरा आ रही रोडवेज बस मंडी गेट पर सवारी उतार रही थी। झालावाड़ की ओर से ट्रैक्टर तेज गति से आ रहा था उसने जैसे ही रोडवेज बस को ओवरटेक किया। उसी समय अकलेरा की ओर से आ रहे बाइक सवार सामने से आ गए और दोनों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर की टक्कर से लोहे की जालियां भी टूट गई और ट्रैक्टर दुकान से टकरा गया और बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। घटना में घायल हुए तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अमरलाल ने अकलेरा अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर घायल श्रीलाल और फूलचंद की उपचार के चलते मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।