
जोधपुर. रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर खिड़की से टिकट खरीद रहे यात्री की जेब से दो युवकों ने पर्स चुरा लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरपीएफ के जवानों ने दोनों को ऑटो रिक्शा स्टैण्ड से पकड़कर राजकीय रेलवे पुलिस को सुपुर्द किया। जीआरपी के थानाधिकारी रविन्द्र बोथरा ने बताया कि जैसलमेर में हनुमान चौक निवासी शक्तिसिंह पुत्र किशन सिंह रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की पर लाइन में खड़ा होकर टिकट खरीद रहा था। पीछे खड़े दो युवकों ने शक्ति की पेंट की जेब से पर्स चुरा लिया। इसमें 2160 रुपए व कागजात थे। टिकट लेकर मुड़े शक्ति को पर्स चोरी होने का पता लगा तो उसने शिकायत की। वहां गश्त कर रहे आरपीएफ के जवानों ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो दोनों जेब तराशों की हरकत नजर आ गई। एएसआई धर्मेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल फतेह सिंह, कांस्टेबल रामनिवास चाहर व भंवरलाल ने ऑटो रिक्शा स्टैण्ड से नई सड़क निवासी नियामत हुसैन उर्फ नेमत हुसैन उर्फ कालू पुत्र मोहम्मद हसन व झालामण्ड मेघवाल बस्ती निवासी कैलाश पुत्र अर्जुनराम मेघवाल को पकड़ लिया। आरपीएफ थाने लाकर तलाशी लेने पर जेब से रुपए व कागजात मिल गए। दोनों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया, जहां चोरी का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर पर्स बरामद कर लिया।
छह माह में चार जेब तराश पकड़े
आरपीएफ ने तीन दिन पहले भी एक जेब तराश को पकड़कर जीआरपी के हवाले किया था। आरपीएफ के कांस्टेबल रामनिवास ने इस साल अब तक चार जेब तराशों को पकड़ा है। उसका नाम जीएम अवार्ड के लिए भेजा जा चुका है।