
जोधपुर . देश के कई हिस्सों सहित मारवाड़ में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। जहां पाकिस्तान में कई लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं सूर्यनगरी में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कुछ दिन पूर्व आंधियों का कहर जोरों पर था। देश की उत्तरी हिस्सों में तेज आंधियों ने जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था और जोधपुर में भी आंधी आने की आशंका के चलते लोगों में खौफ बना हुआ था। आंधियों के मौसम में एक ओर गृहणियों का कामकाज बढ़ जाता है तो दूसरी तरफ सबसे अधिक मुश्किलें डिस्कॉम के सामने आ खड़ी होती हैं। एक फॉल्ट के चलते घंटों बिजली गुल की समस्या आमजन को गर्मी में त्रस्त कर देती है। इस दौरान लोगों का आक्रोश भी विद्युत कर्मियों के खिलाफ जमकर निकलता है।
लेकिन कई बार हम यह भूल जाते हैं कि इन विद्युत फॉल्ट्स को सही करते समय कर्मियों की जान पर बन आती है। इस बात से अनजान हम लोग फिर भी अपनी सुविधा के लिए विद्युत कर्मियों की ढिलाई को कोसना बंद नहीं करते। आंधियों के दौर में जोधपुर के भीतरी शहर के आम जनजीवन सहित विद्युत कर्मियों द्वारा झेली जानी वाली समस्याओं को ब्लूसिटी के यू-ट्यूबर प्रतीक मूथा ने अपने इस वीडियो के माध्यम से व्यक्त किया है। एक ही फ्रेम में उन्होंने आंधी के मौसम के हाल को बयां कर हंसाने की कोशिश की है तो वहीं विद्युत कर्मियों की समस्या को प्रस्तुत कर हमें सोचने पर मजबूर भी किया है।