
कैलाश सारस्वत/जोधपुर. बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जोधपुर जिला के पीठासीन अधिकारी देवकुमार खत्री की अदालत में कांकाणी शिकार मामले में चल रही बचाव पक्ष की अंतिम बहस के दौरान दोपहर 2.37 से 3.10 तक न्यायालय में उपस्थित रहे। अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत ने बहस के दौरान कहा कि चश्मदीद गवाह पूनमचंद के इकबालिया बयान तथा अनुसंधान अधिकारी ललित बोड़ा के समक्ष दिए गए बयान की वीडियो ग्राफी में भारी विरोधाभास है। मजिस्ट्रेट ने पूरी विडियोग्राफी लैपटॉप पर देखी। हस्तीमल सारस्वत ने बहस के दौरान कहा कि ऐसे झूठे गवाह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए। सलमान खान 33 मिनट तक मजिस्ट्रेट के बाई ओर शेरा तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ खड़े रहे। सलमान खान ने कोर्ट रूम को बार बार चोरों तरफ गर्दन घुमा कर देख रहे थे। बहस के पश्चात सलमान खान ने अदालत में हस्ताक्षर किए। 2 मिनट उन्होंने मुम्बई से आए दो अधिवक्ताओं से बात की ओर इतमीनान से कोर्ट के बाहर चले गए।