
जोधपुर. mbm engineering college के यांत्रिक विभाग में वेंटीलेटर व खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने सोमवार रात जनरेटर सैट पर लगे ताम्बा-पीतल के पाइप, पैनल बोर्ड की केबल, कीमती कल-पुर्जे, एयर कंडीशनर आदि लाखों रुपए के कीमती सामान चुरा लिए। रातानाडा थाने में मंगलवार को चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इंजीनियरिंग कॉलेज में डिपार्टमेंट ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर व एचओडी रजत भागवत की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक श्रवण को जांच सौंपी गई है। आरोप है कि सोमवार रात यांत्रिक विभाग की लेबोरेट्री और पावर हाउस में चोरी हो गई।
लेबोरेट्री का वेंटीलेटर तोड़कर चोर रात को अंदर घुसे, जहां से उन्होंने प्रयोगशाला में काम आने वाला लाखों रुपए का सैट, एसी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। इसके अलावा खिड़की को पूरी तरह तोड़कर चोर पावर हाउस की में घुसे, जहां से उन्होंने जनरेटर सैट पर लगे ताम्बे व पीतल के कीमती पाइप, पैनल बोर्ड की केबल, ताम्बा-पीतल के कल-पुर्जे, पानी सप्लाई में प्रयुक्त होने वाली कीमती टंकी आदि भी चुरा लिए। चोरी होने वाले सामान की कीमत लाखों रुपए में आंकी जा रही है। विभाग के व्याख्याता व अन्य स्टाफ मंगलवार सुबह कॉलेज पहुंचे तो चोरी का पता लगा।