
कानपुर। आजम एफआईआर यात्रा लेकर निकले राज्यसभा सांसद बुधवार की शाम कानपुर पहुंचे। यहां नवीन मार्केट स्थित प्रेस क्लब में मीडिया से रूबरू हुए। इस मौके पर उन्होंने मुलायम सिंह और अखिलेश पर जमकर जुबानी हमले किए। अमर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी टूटने के पीछे सिर्फ मुलायम सिंह का हाथ है। उन्होंने बेटे के मोह के चलते अपने छोटे भाई शिवपाल यादव को सिजश के तहत पार्टी से बाहर करवाया। इसी के कारण आज नेता जी फुटबाल बने हुए हैं। कभी अखिलेश को गले लगाते हैं तो कभी शिवपाल को आर्शीवाद देते हैं। अब देखना होगा कि फुटबॉल किस नेट में जाकर सेट होता है।
बदले में अपमान मिला
अमर सिंह ने कहा कि, मैंने यादव परिवार को बीस साल दिए और मुझे बदले में अपमान मिला। मेरी बेटियों पर आजम खां तेजाब डालकर जलाने की धमकी देता है तो पिता-पुत्र उसे पार्टी से हटाना तो दूर उसके साथ खड़े हैं। अब ये लोहिया जी की समाजवादी नहीं बल्कि आजमवादी पार्टी बन गई है। जो आजम-अल्लाह कहेगा, वही सपा में रहेगा का नारा चल रहा है। मुझ जैसे कई नेता घुटन के चलते सपा छोड़ चुके हैं और इन्हीं में से शिवपाल यादव हैं। जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी सपा की साइकिल को दुरूस्त करने में लगा दी, पर बदले में उन्हें अपमान और धोखा मिला और इसी के चलते मुलायम सिंह फुटबाल बने हुए हैं।
चाहते तो नहीं टूटती सपा
अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह अगर चाहते तो समाजवादी पार्टी नहीं टूटती। मुलायम सिंह नहीं चाहते थे कि शिवपाल यादव सपा में रहें। इसी के चलते अखिलेश उन्हें अपमानित करते रहे। 2017 विधानसभा चुनाव के वक्त अखिलेश ने शिवपाल यादव को दल से बाहर कर दिया। तब मैंने और शिवपाल ने मुलायम सिंह को समझाया पर उन्होंने एन वक्त में हमारा साथ छोड़ बेटे की गोद में बैठ गए। वो चाहते हैं कि शिवपाल समेत बड़े नेता अखिलेश के अंडर में काम करें और हरदिन आजम के दरवार में जाकर हाजिरी लगाएं।
मैनपुरी में मिलेगी टक्कर
अमर सिंह ने कहा कि वो अभी बीजेपी में शामिल नहीं होंगे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिताने के लिए प्रचार करेंगे। राज्यसभा सांसद ने कहा कि मुलायम सिंह को 2019 में मैनुपरी में भी कड़ी टक्कर मिलेगी। राज्यसभा सांसद ने कहा कि वो मुलायम सिंह यादव के खिलाफ प्रचार करेंगे और बीजेपी से कहेंगे कि वो अच्छा उम्मीदवार चुनाव के मैदान में उतारे। हम चाहते हैं कि नेता जी चुनाव के मैदान में भी फुटबाल की तरह दिखें। अमर सिंह ने ये भी कहा कि कन्नौज से भी अखिलेश यादव का जनता पत्ता साफ कर देगी।
मायावती जोगी की जोगिन
अमर सिंह ने कहा कि गठबंधन की बात किसी से चलती है, मायावती चली किसी और के साथ जाती हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के साथ जाते-जाते जोगी के साथ राजनीति की जोगिन बनी तो हरियाणा में चौटाला का साथ पकड़ा। कहा, बसपा को बनाया भाजपा ने है, बुरे वक्त में उनके साथ सरकार बनाकर भाजपा ने संजीवनी दी थी। ईश्वर मायावती को बुद्धि दे और वह मोदी जी की शरण मे चली जाएं। जाते-जाते अमर सिंह अखिलेश यादव को आशीर्वाद देना नहीं भूले। उन्होंने अखिलेश को यशस्वी भवः का आशीर्वाद देते हुए कहा कि अगर उनके करतब अच्छे होते तो वह जीत का आशीर्वाद देते।