
कानपुर देहात-जनपद की पुलिस को आज उस समय बड़ी कामयाबी हाँथ लगी। जब उन्होंने कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के जाहंगीरपुर गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि सितंबर माह में सट्टी क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा दो शव देखे गए थे। दोहरे हत्याकाण्ड के बाद हत्यारे शव को मुगल रोड के समीप खड्ड में फेंककर फरार हो गये थे। इस बड़ी घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों सहित पुलिस महकमे में भी सनसनी फैल गयी थी। हालांकि घटना में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी। इसके बाद घटना का खुलासा करने में पुलिस जुट गई थी। बीते दिनों घटना का एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। वहीं आज पुलिस ने दोहरे हत्याकाण्ड के दूसरे हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से लूटा गया ट्रक और 30 गत्ता कांच के गिलास भी बरामद कर लिये हैं।
हाइवे किनारे मिले थे दोनों शव
दरअसल कानपुर देहात के सट्टी थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के पास मुगल रोड हाईवे के किनारे 24 सितम्बर की सुबह खड्ड के समीप झाडियों में दो लोगो के शव मिले थे। दोनो युवकों के गले को धारदार हथियार से काटकर हत्या की गई थी। शवों को देखने के बाद कुछ लोग रंजिशन नृशंस हत्या की आशंका भी जता रहे थे, वहीं कुछ लोग हाइवे किनारे की बात होने की वजह से लूटपाट कर हत्या करने का अनुमान लगा रहे थे। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक ने टीमें गठित कर हत्या काण्ड के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिये थे।
11 अक्टूबर को पकड़ा गया था मुख्य आरोपी मुशीर
पुलिस जांच में दोनो युवकों में से एक की शिनाख्त जनपद फिरोजाबाद के उर्दूनगर निवासी ट्रक चालक रफीक और दूसरे की शिनाख्त ट्रान्सपोर्ट कम्पनी के मुनीम दानिश के रूप में भी हुई थी। दोनो फिरोजाबाद के सुपर मदनी ट्रांसपोर्ट फिरोजाबाद से चूड़ी और गिलास लादकर सतना मध्यप्रदेश के लिए निकले थे। इसमें शवों की शिनाख्त होने के बाद कानपुर देहात पुलिस फिरोजाबाद पुलिस की मदद से दोहरे हत्याकाण्ड के खुलासे का प्रयास करने में लगी थी। जिसके चलते फिरोजाबाद पुलिस ने हत्याकाण्ड के मुख्य आरोपी भोगनीपुर के मुशीर को 11 अक्टूबर को धर दबोचा।
इस वजह से की थी हत्या
पहले गिरफ्तार हुए हत्यारोपी मुशीर ने पुलिस पूंछतांछ में बताया कि मृतक ट्रक चालक मुनीम दानिश और मुशीर पहले इसी ट्रांसपोर्ट में एक साथ काम करते थे। उस दौरान मुनीम दानिश ने मुशीर द्वारा ट्रक में लोड माल में चोरी करने की शिकायत ट्रांसपोर्ट मालिक से की थी। इसके बाद मालिक ने मुशीर को नौकरी से निकाल दिया था। इसी खुन्नस में मुशीर ने अपने साथी सहजाद के साथ मिलकर योजना बनाकर चालक मुनीम दानिश व क्लीनर रफीक की हत्या कर दी थी। पुलिस कप्तान राधेश्याम ने बताया कि हत्यारोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।