कौशांबी. जिले में अभी पुलिस चौकी के दारोगा व सिपाहियों पर वसूली का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि सैनी कोतवाली में तैनात एसएसआई द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बारे में जानकारों का कहना है कि एसएसआई एक छेड़छाड़ के मामले को 151 में बदलने के लिए रिश्वत ले रहा था।
वायरल हो रहे इस वीडियो में सैनी कोतवाली में तैनात एसएसआई ज्योति कुमार सिंह लाल टी-शर्ट पहने पैसे लेते नजर आ रहे वही रिश्वत देने वाला वीडियो में नजर नहीं आ रहा। वीडियो में साफ तौर पर सुना जा सकता है “आपने उसका काम कर दिया ये रुपये रख लीजिये, मिठाई खाने के लिए”। हँसते हुए रुपया लेने के बाद दारोगा ने कहा कि “अगली पार्टी आएगी तो उन्हें बताया जाएगा” और अपना नंबर देते हुए कहा कि दिल्ली का नंबर है।
वहीं वीडियो सामने आने के बाद एसएसआई ज्योति कुमार सिंह कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसआई को लाइन हाजिर कर दिया।