कौशाम्बी. जिले की सैनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अष्टधातु से बनी हाथी की बेशकीमती मूर्ति बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने इस मामले में बाइक सवार दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करो ने मूर्ति को दस लाख रुपये में रायबरेली के एक शख्स से खरीदा था। पुलोस अब मूर्ति बेचने वाले तस्कर को तलाश रही है। साथ ही बरामद मूर्ति की जांच परख के लिए इलाहाबाद एएसआई की टीम से संपर्क किया है।
सैनी कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक अष्टधातु की बेशकीमती मूर्ति के साथ इलाहाबाद की ओर जाने वाले है। सूचना पर पुलिस ने नेशनल हाइवे-2 के कछुवा पावर हाउस के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दो युवकों को रोका। युवकों की तलाशी में बाइक की डिग्गी से अष्टधातु की हाथी की बेशकीमती मूर्ति बरामद हुई।
पुलिस ने पकड़े गए युवकों को मूर्ति के साथ थाने ले आई। सख्ती से पूछताछ पर पकड़े गए रवि सोनी व अब्दुल रहमान निवासी इलाहाबाद ने बताया कि मूर्ति को रायबरेली के विशाल नाम के शख्स से दस लाख रुपये में खरीदा है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मूर्ति के जांच करवाया गया तो मालूम चला कि उसमें लगभग 52 प्रतिशत सोना है। इतने सोने की केमत लगभग एक करोड़ रुपये है। गहनता से जांच के लिए इलाहाबाद एएसआई की टीम से संपर्क किया जा रहा है।
जिस शख्स ने मूर्ति बेंचा है उसकी तलाश की जा रही है जिससे यह पता लगाया जा सके कि बरामद मूर्ति कहाँ से चोरी की गई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों मूर्ति तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
By- शिवनंदन साहू