झालावाड़. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिला मुख्यालय झालावाड़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की आम सभा 24 अक्टूबर को प्रवीण शर्मा क्रिकेट मैदान में होगी। आमसभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। पदाधिकारी पूरे जिले में पीले चावल बांट रहे हैं और लोगों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं कार्यकर्ताओं में चर्चा का विषय यह भी है कि जिस मैदान में राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी व मां सोनिया गांधी आम सभा को संबोधित कर चुकी है, उसी मैदान में अब राहुल गांधी चुनावी हुंकार भरेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने इसी मैदान पर 25 नवंबर 1979 को आमसभा को संबोधित किया था। यह आम सभा उस समय की गई थी जब वे पूरे देश में दौरे कर रही थी। इस दौरान उनके साथ मंच पर तात्कालिक जिला कांग्रेस अध्यक्ष इकबाल अहमद, राजस्थान प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष रामकिशोर व्यास, मध्यप्रदेश अध्यक्ष शिवभानू सोलंकी, पूर्व सांसद बृजराज सिंह थे। तब इंदिरा गांधी ने कहा था कि इस सभा में भूटान देश के बराबर लोग बैठे हुए है और दुश्मन आंख दिखा रहा है। जब सभा हुई तो झालावाड़ कस्बे में चाय पानी एवं नाश्ते की दुकानों से सारा सामान खत्म हो गया था। सर्दी व मावठ का मौसम होने के कारण इंदिरा गांधी के कपड़े एवं सामान दूसरे हेलिकॉप्टर में मध्यप्रदेश चले गए थे। मावठ के कारण इंदिरा गांधी ने झालावाड़ रूकने का फैसला किया। इस दौरान वे डाक बंगले में रुकी थी। जिलाध्यक्ष इकबाल अहमद ने खादी भंडार से एक साड़ी इंदिरा गांधी को भेंट की थी, जिसे इंदिरा गांधी ने पहना और अगले दिन सुबह दस बज हेलिकॉप्टर से मध्य प्रदेश रवाना हुई।

अहमद ने बताया कि यह आज तक की सबसे बड़ी सभा थी। इसके बाद इसी मैदान पर सोनियां गांधी की आम सभा 1997 में चुनाव के दौरान हुई। अब इसी मैदान पर राहुल गांधी की सभा होने जा रही है। अब देखना यह हैकि दादी की सभा की भीड़ का रिकॉर्ड पोता तोड़ पाता है या नहीं।
इस तरह रहेगा कार्यक्रम
राहुल गांधी 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कोलाना हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। इसे सीधे सभा स्थल पहुंचेगे और संबोधित करेंगे। राहुल की सभा व रोड शो को लेकर तैयारी बैठकें चल रही हैं। दोपहर 2 बजे रोड शो रवाना होगा और शाम को कोटा में समापन होगा।