
कोटा. लोक पर्व तेजा दशमी बुधवार को हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित तेजाजी के थानकों पर श्रद्धालुओं के मेले लगे। सर्पदंश से पीडि़त लोगों की डसियां भी काटी गई।
तेजाजी के थानकों पर लोगों ने पूजा-अर्चना कर फल, फूलमाला व प्रसाद चढ़ाया और लड्डू-बाटी का भोग लगाया। इस दौरान तेजाजी के थानक लोक संगीत की धुनों से गुंजायमान रहे। किशोरसागर तालाब की पाल, केशवपुरा, रंगबाड़ी समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर तेजाजी के थानकों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोग तेजाजी की ध्वजा के साथ लोक गायन करते हुए थानकों पर पहुंचे।
देखिये…टिकट बटवारें को लेकर क्या बोल गए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
किशोरसागर तालाब की पाल स्थित तेजाजी के थानक पर दोपहर बारह बजे आरती की गई। इसके बाद सर्पदंश से पीडि़तों की डसियां काटी गई जो देर तक चलती रही। इस मौके पर तेजाजी का स्वर्ण व रजत शृंगार किया गया। तेजाजी के दर्शनों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। थानक के पास ही तेजाजी मंडली के कलाकारों ने लोग संगीत की धुनों पर तेजाजी गायन की प्रस्तुतियां दी। मुख्य आकर्षण घोड़ी नृत्य रहा।