
ललितपुर. लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में लुटेरों ने चाकू दिखाकर यात्रियों से 8 लाख की नगदी और जेवरात लूट ली। गुरुवार देर रात बरेली से इंदौर जा रही 14320 अप लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में झांसी-ललितपुर के बीच बदमाशों ने चाकू दिखाकर महिलाओं से करीब 8 लाख रुपए की नगदी व ज्वैलरी लूट ली और चेन पुलिंग कर फरार हो गये। इसके बाद घटना की सूचना कंट्रोल को दी गई। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर लूट का शिकार हुए दम्पति की तहरीर के बाद जीआरपी ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। जीआरपी पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस जैसे ही झांसी से रवाना हुई, ट्रेन में काफी देर से चहल कदमी कर रहे बदमाशों ने चाकू दिखाकर महिलाओं से करीब 8 लाख रुपए की नगदी और ज्वैलरी लूट ली। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए ललितपुर स्टेशन से पहले बूढ़पुरा स्टेशन पर चेन पुलिंग कर उतर गये। घटना की सूचना पर देर रात ललितपुर स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया गया। लूट की घटना से आक्रोशित यात्रियों ने ललितपुर रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटे तक ट्रेन को रोके रखा।
पीड़ित महिला यात्री का जुबानी
पीड़ित महिला यात्री किरण शर्मा ने बताया कि जैसे ही ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन से चली। कुछ दूर चलने के बाद तो दो बदमाश ट्रेन की बोगी के अंदर घुस आए और चाकू निकालकर वहां पर तरह-तरह की धमकियां देने लगे और वहां रखे बैगों की तलाशी लेने लगे। उन्होंने मेरा बैग भी छीन लिया, जिसमें गहने रखे हुए थे। बैग में बेटों की सोने की चैन, मेरा हार व मंगलसूत्र और दूसरे जेवर थे। बदमाश जिन्हें छीन ले गये।
जीआरीपी के दावों की खुली पोल
लूट की इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी। जिस तरह से बदमाशों ने लूट बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम दिया रेलवे पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठना लाजिमी है।