
लखनऊ. अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम के उद्घाटन को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार उद्घाटन का उद्घाटन और लोकार्पण का लोकार्पण कर रही। उन्होंने कहा कि इकाना स्टेडियम समाजवादी सरकार में बना था, लेकिन योगी सरकार स्टेडिमय का नाम बदलकर उद्घाटन करने पहुंच गई। एक बार भी अखिलेश यादव का नाम तक नहीं लिया। कहा कि सपाईयों का काम बोलता है, जबकि बीजेपी सरकार के कारनामे बोल रहे हैं।
अयोध्या में भव्य राम प्रतिमा के निर्माण पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि भगवान राम के साथ-साथ लक्ष्मण और माता सीता की भी तस्वीर लगवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मैंने श्रीराम जी को कभी अकेले नहीं देखा। बीजेपी पर हमलावर होते हुए अनुराग भदौरिया ने कहा कि भाजपा वाले अगर भगवान राम से उनके परिवार को अलग करेंगे तो हनुमान जी उनकी ‘लंका’ में आग लगा देंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर सपा के लिए आस्था का विषय है, जबकि भाजपा के लिए यह राजनीति का विषय है।