
लखनऊ. लखनऊ यूनिवर्सिटी में बुधवार को हुए उपद्रव पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेतेहुए यूनिवर्सिटी के वीसी, रजिस्ट्रार के साथ ही प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और एसएसपी लखनऊ को तलब कर लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले में कहा कि जो हुआ वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बता दें कि बुधवार को हुए उपद्रव में कई शिक्षक घायल हो गए। वीसी की कार पर भी पथराव हुआ। हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेकर पीआईएल रजिस्टर किया गया है। शुक्रवार सुबह 10.15 बजे एलयू के कुलपति, कुलसचिव, प्रदेश के डीजीपी और लखनऊ के एसएसपी को तलब किया गया है। वहीं शहर के डिग्री कॉलेजों में भी कल से कार्यबहिष्कार होगा। लुआकटा (लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन) की ओर से ये निर्णय लिया गया। उन्होंने प्रशासन को आज रात तक करवाई का अल्टीमेटम दिया है।
पत्रिका के पास जो सीसीटीवी फुटेज है उसे देखकर मामले का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसमें कुछ पूर्व छात्र शिक्षकों से मारपीट कर रहे हैं।
क्या था मामला
दरअसल बुधवार को लखनऊ यूनिवर्सिटी में काउंसलिंग को लेकर शुरु हुआ विवाद उग्र हो गया। कई पूर्व छात्रों व बाहरी लोगों ने भी यूनिवर्सिटी कैंपस में जमकर हंगामा काटा। इस दौरान कुछ पूर्व छात्रों ने प्रॉक्टर, डीएसडब्ल्यू, डीन सीडीसी की जमकर पिटाई कर दी। ये सभी घायल हो गए हैं। वहीं कुलपति की गाड़ी पर भी पथराव हुआ। इस बवाल के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। इसी के साथ यूनिवर्सिटी में चल रही दाखिले की काउंसलिंग भी ठप हो गई है। इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि पुलिस सहयोग नहीं कर रही है।
यूनिवर्सिटी ने ट्वीट कर मांगी मदद
मामला बढ़ते देख लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से सीएम ऑफिस और डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा को इस हमले की जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि लखनऊ यूनिवर्सिटी के टीचरों पर कैंपस के अंदर असामाजिक तत्वों और बाहरी लोगों द्वारा बुरी तरह हमला किया गया है। इस हमले में प्रॉक्टर और उनकी टीम, डीएसडब्ल्यू, डीन सीडीसी घायल हो गए हैं। पुलिस बिलकुल सहयोग नहीं कर रही है। टीचरों ने एडमीशन काउंसिलिंग रोक दी है।
पुलिस फोर्स तैनात, काउंसलिंग बंद
मामला इतना बढ गया कि लखनऊ यूनिवर्सिटी में कई थानों की फ़ोर्स तैनात कर दी गई है. पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में लिया है। भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व छात्रों को भी पुलिस ने भगाया। इस पूरे मामले में वीसी प्रो.एसपी सिंह ने कहा कि उन पर भी बाहरी लोगों ने हमला किया। कुलपति की गाड़ी पर पथराव किया गया। कई शिक्षकों को चोटें आई हैं। एलयू प्रशासन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि जब तक हालात नहीं सुधरते विश्वविद्यालय बंद रहेगा।