
मथुरा। जिले की गोवर्धन तहसील में क्षेत्रीय भाजपा विधायक ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। फ़रियाद लेकर आये स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और वहां मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश भी दिए लेकिन इस दौरान गोवर्धन के एसडीएम विधायक के सामने से ही उठ कर चले गए।
बीच में खड़े होकर चले गए एसडीएम
आम जनता की समस्याओं की सुनवाई और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए सूबे के मुखिया के निर्देश पर आज गोवर्धन क्षेत्र के विधायक कारिंदा सिंह ने गोवर्धन तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार से नाराजगी प्रगट की लेकिन विधायक की नाराजगी का अधिकारियों पर असर पड़ना तो दूर, अधिकारी उनके सामने से ही ऑफिस से निकल कर बाहर आ गए।
बाद में विधायक कारिंदा सिंह ने अकेले ही ग्रामीण इलाके से आये लोगों की समस्याओं को सुना। अपनी अपनी शिकायतों को लेकर आये ग्रामीणों ने बम्बे, रजवाहों में टेल तक पानी पहुंचवाने, खतौनी की नकल की अवैध वसूली, अवैध कब्जे आदि की शिकायत की। विधायक ने बताया कि पार्टी की गाइड लाइन के अनुसार जन समस्याओं को सुना गया है। उनका निस्तारण कराया जा रहा है। एसडीएम के उठकर चले जाने पर उन्होंने कहा कि वो अपना काम कर रहे हैं।एसडीएम साहब अचानक चले गए, ये उनकी समझ है।