
मथुरा। जिले के थाना वृन्दावन क्षेत्र में उस समय हड़कम्प मच गया जब यमुना एक्सप्रेस—वे के वृन्दावन कट पर सीएनजी पम्प पर सीएनजी भरवाने के लिए कार ड्राइवर ने अपनी कार लाइन में खड़ी की और अचानक उसमें आग लग गई। कार में आग लगने से सीएनजी पम्प पर अफरा—तफरी मच गई। वहां कार लेकर खड़े बाकी के लोग कार से बाहर निकलकर भागने लगे। जिस कार में आग लगी उसमें बैठे लोग दिल्ली से आगरा की ओर आ रहे थे। कार में चार लोग सवार थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने की घटना के बाद किसी के हताहत होने की खबर मिली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।