
मथुरा। कैंसर पीड़ित लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। तीर्थ नगरी वृंदावन में अब कैंसर पीड़ितों, अस्थमा, जोड़ों की परेशानी व पथरी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए कृष्णा निष्काम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 13 जून को नि:शुल्क फिजियोथेरेपी एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का छटींकरा मार्ग स्थित श्री कृष्ण जन्माष्टमी आश्रम में शुभारंभ किया गया। इस चिकित्सा केंद्र पर जहां ब्लड कैंसर, किडनी कैंसर, पत्थरी, अस्थमा, जोड़ों का दर्द आदि रोगों का इलाज किया जाएगा, साथ ही नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की जाएंगी। इस संबंध में ट्रस्ट के महामंत्री बालकिशन अग्रवाल ने बताया कि जटिला धाम के महंत राजेंद्र दास ने कैंसर व किडनी की अचूक दवा का आविष्कार किया है। महाराज द्वारा उपरोक्त दवाओं को हरियाणा सरकार द्वारा रजिस्टर्ड कराया गया है। आपको बता दें कि ट्रस्ट द्वारा पिछले कई वर्षों से मोबाइल डिस्पेंसरी द्वारा पूरे ब्रज क्षेत्र में गरीब व असहाय लोगों का इलाज नि:शुल्क दवाइयां देकर किया जा रहा है।