
मथुरा। रक्षाबंधन के दिन भी ट्रेनों में खासी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग जान जोखिम में डालकर ट्रेन में यात्रा करने को मजबूर हो रहे हैं लेकिन रेलवे प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शायद रेलवे प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार है ।
आरपीएफ जवान मौजूद नहीं
रक्षाबंधन पर आने जाने वाले लोगों के लिए कोई अतिरिक्त ट्रेन रेलवेे प्रशासन की तरफ से नहीं लगाई गई और यही कारण रहा कि ट्रेनों मेंं पांव रखने को भी जगह नहीं मिल रही। यात्री जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। यही हाल देखने मिला राया के रेलवे स्टेशन पर, जहां मथुरा से कासगंज की तरफ जानेे वाली ट्रेन सवारियों से खचाखच भरी हुई थी, नीचे ही नहीं बल्कि ट्रेन के इंजन पर और ट्रेन की छत पर लोग बैठकर यात्रा कर रहे हैंं और अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए। इन्हें उतारने वाले रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी मौके पर मौजूद नहीं है।
मजबूरी में इंजन पर बैठकर सफर करना पड़ रहा है
जब यात्रियों से ट्रेन के इंजन पर सफर करने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि इन ट्रेनों के अलावा हर बार रक्षाबंधन पर अलग से ट्रेन लगाई जाती थी लेकिन इस बार कोई ट्रेन नहीं लगाई गई। लोग रक्षाबंधन पर अपने घर जा रहे हैं, मजबूरन ट्रेन के इंजन पर बैठकर सफ़र करना पड़ रहा है क्योंकि अंदर बैठने के लिए जगह नहीं है।