मेरठ। मेरठ में गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह ही गढ़ रोड स्थित गांधी आश्रम से प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद सभी सरकारी और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया। जहां एक ओर सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में गणतंत्र दिवस की धूम रही। वहीं दूसरी तरफ लोगों ने भी गणतंत्र दिवस के मौके पर बड़े जोश और उमंग के साथ भाग लिया। सर्वप्रथम कमिश्नरी कार्यालय में मंडलायुक्त अनिता सी मेश्राम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसके बाद मेरठ के पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया गया। मेरठ के स्टेडियम में भी रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेडक्रॉस और जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अनिल धींगरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एसएसपी कार्यालय में डीआईजी अखिलेश कुमार ने झण्डे को सलामी दी। इसके बाद विभिन्न सरकारी कार्यालयों, थानों सहित गैर सरकारी संस्थाओ में भी झण्डा फहराकर गणतंत्र दिवस का पर्व मनाया गया। मेरठ महानगर में जगह-जगह पर जोश व जज्बे के साथ 70 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। मेरठ की विकास खंडों, पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने भी 26 जनवरी को पंचायत भवनों पर तिरंगा फहराया। मेरठ में जगह-जगह गणमान्य लोगों ने ध्वज को सलामी दी। राष्ट्र गीत गाकर लोगों में धर्म निरपेक्ष, विकाशशील राष्ट्र बनाने एवं सुख शान्ति, समृद्धि के साथ आनंदमय जीवन जीने का संदेश दिया। जिससे सारा वातावरण देशभक्ति से ओतपोत हो गया। स्कूलों में बच्चों ने जय हिंद के नारे लगाए एवं छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीत गाए।
खूब हुई झंडों और स्टीकर की बिक्री
मेरठ में जगह-जगह झंडों और स्टीकर की बिक्री होती देखी गई। लोगों में तिरंगा खरीदना का क्रेेज रहा। मेरठ के कई बाजारों में ठेलों और दुकानों में हर साइज का तिरंगा लोगों के पसंद के मुताबिक मौजूद था। मुसलमानों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।