
मिर्जापुर. विवेक तिवारी हत्याकांड पुलिस के लिेए गले की फांस बन चुका है। मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई से नाराज अन्य पुलिसकर्मी लामबंद होने लगे हैं। इलाहाबाद में 6 अक्टूबर को होने वाली बैठक से पहले राज्य पुलिस कर्मचारी परिषद के महामंत्री अविनाश पाठक को मिर्जापुर में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिसकर्मियों के लामबंद होने के कारण की गई है। अविनाश ही पुलिस कर्मियों के आंदोलन को हवा दे रहे थे।
सूत्रों की मानें तो अविनाश की गिरफ्तारी के बाद मामला बिगड़ सकता है। दरअसल, दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस महकमे में अधिकारी और कर्मचारी आमने-सामने हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कई थानों में सिपाही हाथ पर काली पट्टी बांध काम करते देखे गए। उनका साफ कहना था कि राजनीति के चक्कर में अधिकारियों ने कार्रवाई की है। उधर, राज्य पुलिस परिषद के महामंत्री अविनाश पाठक ने पहले ही साफ कर दिया था कि इस मामले में कोई समझौता नहीं होगा। बैठक में सैकड़ों सिपाही भाग लेंगे।
दरअसल, विवेक तिवाी हत्या कांड में आरोपी सिपाही के पक्ष में बयान देने के बाद पुलिस ने कथित राज्य पुलिस कर्मचारी परिषद के महामंत्री अविनाश पाठक पर मुकदमा दर्ज कराते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अन्य पुलिसकर्मियों को भड़काने व बर्खास्तगी के बाद भी खुद को पुलिस कर्मी के रूप में प्रस्तुत करने का आरोप है। अविनाश के खिलाफ आईपीसी कि धारा 419,505,353 और विद्रोह उत्पीड़न की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बतादे कि अविनाश पाठक 2012 में पीएसी में तैनाती के दौरान अनुशासन हीनता पर पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह और इनके साथी राज्य पुलिस कर्मचारी परिषद नाम से संगठन चलाते हैं। इससे पहले अविनाश पाठक ने लखनऊ कांड में पुलिस के बड़े अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि हत्या कांड के आरोपी सिपाहियों की जांच के पहले बर्खास्तगी गलत है। इन सिपाहियो के समर्थन में 5 तारीख को काली पट्टी बांधी जाएगी और 6 अक्टूबर को इलाहाबाद में बैठक होगी। इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि गिरफ्तार अविनाश पाठक गिरफ्तरी को गलत बताते हुए खुद के उत्पीड़न की बात कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक शालिनी का कहना है कि इन्होंने एंटी पुलिसिंग का बयान दिया था। इसके साथ ही पुलिस को भड़काने और उकसाने का कार्य कर रहे थे। वहीं अविनाश पाठक ने बताया कि रात 12 बजे मुझे मेरे घर से उठाया गया। कल मुझे मीटिंग करना है और मुझे डिस्टर्ब किया जा रहा है।