
मिर्जापुर. प्राथमिक स्कूल के शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। शिक्षक के खिलाफ तीन छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। वहीं जब इस घटना की जानकारी छात्राओं के परिजनों को हुई तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर का है।
अदलहाट थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शाहपुर नारायनपुर में तैनात शिक्षक आरिफ पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि जब वह शिक्षक को पैर छूकर आशीर्वाद लेने जाती थी, वह उसके साथ छेड़खानी करते थे। सभी पीड़ित छात्रायें कक्षा 6 व 7 की बताई जा रही है। छात्राओं का कहना है कि आरोपी शिक्षक कई दिनों से छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहा था। परेशान होकर उसने अपने परिजनों को इस बात की सूचना दी। सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंच गये और जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोपी शिक्षक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट भी की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने लाई जहां पर कार्रवाई हो रही है।
वहीं मामले पर बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण तिवारी का कहना है कि छेड़खानी का आरोप शिक्षक पर लगा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है और हमने अपने खण्ड शिक्षा अधिकारी को भी जांच के लिए भेजा है। ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोप साबित होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
BY- SURESH SINGH