
मुंबई। एकमात्र अंडरग्राउड मेट्रो लाइन मेट्रो-3 के एक सेक्शन के लिए टनल बोरिंग का काम सोमवार को खत्म हो गया। इस काम की शुरुआत बीते 8 जनवरी 2018 को हुई थी। पूरे 9 महीने के बाद सोमवार को कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज की पहली टनल बोरिंग मशीन टीबीएम (वैनगंगा) अपना काम खत्म करके मुंबई एयरपोर्ट के पास से बाहर आ गयी है। इस टीबीएम वैनगंगा को इसी साल जनवरी महीने में साफ्ट से सुरंग बनाने के लिए जमीन के अंदर उतारा गया था। अपना काम पूरा कर बाहर निकलने वाली वैनगंगा पहली टीबीएम मशीन है।
इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मौके पर कहा कि हमें मुंबई की शंघाई नहीं मुंबई ही बनाना है ताकि शंघाई वाले भी मुंबई देखने आएं। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि एमएमआरसी अपना काम आने वाले तीन सालों में पूरा कर लेगी।
आपको बता दें कि सीएम देवेंद्र फडणवीस ने 21 सितंबर 2017 कोई माहिम इलाके में टनल में पहली मशीन अंदर छोड़ी थी, सभी मशीनों के पार्ट को जोड़ने में लगभग 2 महीने लग गए और 10 नवंबर 2017 में पहला टीबीएम मशीन ने काम करना शुरू किया। इसके बाद धीरे-धीरे सभी टीबीएम मशीनों ने काम करना शुरू किया मतलब इन्होने अंदर ही अंदर सुरंग खोदना शुरू किया। इस समय कई स्थानों पर कुल 17 टीएबीएम मशीन काम कर रहीं हैं।