
सीबीएसई के प्रश्न-पत्रों के लीक होने और दोबारा परीक्षा कराने के विरोध में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के बीच सरकार ने शुक्रवार को कहा कि 12वीं के अर्थशास्त्र की दोबारा परीक्षा देशभर में 25 अप्रैल को आयोजित की जाएगी. जबकि १०वीं के गणित की दोबारा परीक्षा सिर्फ दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और हरियाणा में जुलाई के महीने में कराई जाएगी. इस खबर के आते ही मानो देशभर के छात्रों की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा…खासतौर पर मुंबई के छात्रों ने तो इस खबर के बाद केक काटकर जश्न भी मनाया। विद्यार्थियों ने एक दूसरे को केक खिलाकर इस फैसले पर अपनी खुशी का इजहार किया.
आपको बता दें कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय में स्कूली शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने कहा कि सीबीएसई 10वीं के गणित का प्रश्न-पत्र मात्र दिल्ली और हरियाणा में ही लीक हुआ था, क्योंकि इसके राष्ट्रीय स्तर पर लीक होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं.
15 दिन में होगी तारीख की घोषणा
एजुकेशन सेक्रेटरी अनिल स्वरूप ने कहा कि 12वीं के इकोनॉमिक्स की दोबारा परीक्षा 25 अप्रैल को होगी. लीक हुए 10वीं के मैथ्स की परीक्षा तारीख की घोषणा अगले 15 दिनों में की जाएगी. उन्होंने कहा, चूंकि 10वीं मैथ्स का पेपर सिर्फ दिल्ली और हरियाणा में लीक हुआ था इसलिए परीक्षा इन्हीं दो राज्यों में होगी. भारत के बाहर सीबीएसई के पर्चे लीक नहीं हुए, इसलिए विदेशों में दोबारा परीक्षाएं नहीं होंगी.