नई दिल्ली। नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाले दो दिवसीय ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन से दो दिन पहले रविवार को सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने किम के से हाथ मिलाते हुए एक तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए कहा कि चैयरमैन किम जोंग उन का स्वागत है, जो अभी अभी सिंगापुर पहुंचे हैं। यह तस्वीर यहां चांगी हवाईअड्डे पर किम के विमान के ठीक सामने ली गई है। समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के मुताबिक, किम ने बाद में सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग से प्रधानमंत्री कार्यालय में मुलाकात की, जहां दोनों नेता मित्रवत बातचीत करते दिखाई दिए। व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप रविवार देर रात सिंगापुर पहुंचेंगे और सीधे अपने होटल जाएंगे।