
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराधों को लेकर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर से भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ढहराया है। आम आदमी पार्टी के विधायक अल्का लांबा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आरोप लगाया और कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है। साथ ही दिल्ली में उपराज्यपाल का शासन चलता है। ऐसे में यदि दिल्ली एक क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है तो इसके लिए केंद्र सरकार और उपराज्यपाल जिम्मेदार हैं। बता दें कि इससे पहले राजधानी में सीसीटीवी कैमरा लगाने के मामले में आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘एक भाजपा नेता ने मुझे बताया कि CCTV कैमरे भाजपा क़तई नहीं लगने देगी। भाजपा दो विकल्प पर काम कर रही है- पहला यह कि CBI में फ़र्ज़ी मामला दर्ज कर सारी फ़ाइल उठा लो और प्रोजेक्ट रोक दो और दूसरा यह कि उपराज्यपाल इस मामले को राष्ट्रपति को भेज दे’। आगे केजरीवाल ने लिखा कि अगर भाजपा CCTV कैमरे रोकेगी तो लोग क़तई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने लिखा कि ‘सीसीटीवी कैमरे लगने से भाजपा बेहद दुखी है। कल विधानसभा में जब ये एलान किया गया कि दिल्ली कैबिनेट ने सीसीटीवी कैमरों की मंजूरी दे दी है तो तीनों भाजपा विधायकों के मुंह लटक गए। भाजपा दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगने देना चाहती’?